मुंबई। बॉलीवुड से अभिनय का सफर प्रारंभ करने वाली प्रियंका चोपड़ा वैश्विक सेलेब्रेटी हैं। वे अनेक अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनती रही हैं। अभिनय, प्रोडक्शन, बिजनेस और ग्लोबल मंचों पर सक्रिय मौजूदगी ने उन्हें दुनिया की चर्चित भारतीय कलाकारों में शामिल कर दिया है। प्रियंका एक नए हॉलीवुड फिल्म प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। प्रियंका चोपड़ा जल्द ही नई हॉलीवुड फिल्म रीसेट में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ मशहूर अंग्रेजी अभिनेता ऑरलैंडो ब्लूम दिखाई देंगे, जिन्हें पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन और लॉर्ड ऑफ द रिंग्स जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए जाना जाता है।
प्रियंका ने पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई है। क्वांटिको, सिटाडेल, लव अगेन और द ब्लफ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम करके उन्होंने यह साबित किया कि भारतीय कलाकार भी ग्लोबल स्तर पर मुख्य भूमिकाएं निभा सकते हैं। पिछले दिनों रिलीज हुई फिल्म द ब्लफ में उनके अभिनय को सराहा गया था। अब रीसेट के जरिए वह एक बार फिर अलग तरह के किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म रीसेट को एक सस्पेंस और सर्वाइवल ड्रामा बताया जा रहा है। रीसेट की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी आंख अचानक घने जंगल के बीच खुलती है। उसे यह तक याद नहीं होता कि वह वहां कैसे पहुंची और उसके साथ क्या हुआ। धीरे-धीरे वह अपने अतीत और आसपास मौजूद खतरनाक परिस्थितियों को समझने की कोशिश करती है। फिल्म में मानसिक तनाव, रहस्य और जीवित रहने की जद्दोजहद को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की कहानी जॉर्डन रोलिंस ने लिखी है, जबकि इसका निर्देशन मैट स्मक्लर करेंगे।
बताया जाता है कि प्रियंका सिर्फ अभिनेत्री के तौर पर ही नहीं, बल्कि को-प्रोड्यूसर के रूप में भी फिल्म से जुड़ी हैं। पिछले कुछ समय से वह प्रोडक्शन के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और कंटेंट आधारित फिल्मों पर ध्यान दे रही हैं। प्रियंका रीसेट फिल्म के क्रिएटिव फैसलों में भी अहम भूमिका निभाएंगी। इससे पहले भी वह कई अंतरराष्ट्रीय और भारतीय प्रोजेक्ट्स में निर्माता की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं, ऑरलैंडो ब्लूम के साथ रीसेट के जरिए प्रियंका पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगी। ऑरलैंडो हॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाते हैं और फैंटेसी तथा एडवेंचर फिल्मों में उनकी खास पहचान रही है। फिल्म में दोनों कलाकारों की जोड़ी को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बढ़ने लगी है। माना जा रहा है कि यह फिल्म इंटरनेशनल मार्केट को ध्यान में रखकर बड़े स्तर पर बनाई जाएगी। रीसेट की शूटिंग सितंबर 2026 से शुरू करेंगी। फिलहाल फिल्म की प्री-प्रोडक्शन तैयारियां जारी हैं और लोकेशन चयन पर काम चल रहा है।
प्रियंका भारतीय सिनेमा में भी वापसी करने जा रही हैं। लगभग 7 साल बाद वह निर्देशक एसएस राजामौली की बहुचर्चित फिल्म वाराणसी से भारतीय फिल्मों में नजर आएंगी। इस फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है। राजामौली की फिल्मों का वैश्विक प्रभाव और प्रियंका की अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता इसे बड़े प्रोजेक्ट्स में शामिल कर रही है।
मालूम हो कि प्रियंका चोपड़ा उन चुनिंदा भारतीय कलाकारों में शामिल हैं जिन्होंने बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई है। फिल्मों के अलावा वह फैशन, बिजनेस और सोशल अभियानों में भी सक्रिय रहती हैं। उनकी नई फिल्म रीसेट को लेकर फैंस में उत्साह इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि इसमें उन्हें एक बार फिर चुनौतीपूर्ण और रहस्यमय किरदार निभाते देखा जाएगा। साथ ही ऑरलैंडो ब्लूम के साथ उनकी नई जोड़ी अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकती है। प्रियंका लोकप्रिय अमेरिकी गायक और गीत-संगीत कारोबारी निक जोनास की पत्नी हैं। इस फिल्म का निर्माण पर्पल पेबल पिक्चर्स और ब्लूम्स अमेजिंग आउल द्वारा किया जा रहा है, और इसकी शूटिंग अगस्त 2026 में शुरू होने वाली है। पर्पल पेबल पिक्चर्स, अमेरिकी फिल्म निर्माण कंपनी है जिसकी स्थापना मुंबई में प्रियंका चोपड़ा जोनास ने की, जिसका उद्देश्य कम बजट की फिल्में बनाना और लेखकों, अभिनेताओं, निर्देशकों और तकनीशियनों जैसी नई प्रतिभाओं को बढ़ावा देना है।
कृपया देखिए हमारा हिंदी समाचार पोर्टल एक्सप्लेनर24.कॉम https://explainer24.com अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष - आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

एक टिप्पणी भेजें