रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) उत्तराखंड 15 मई 2026 (जि.सू.का.)। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उधमसिंह नगर द्वारा जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर, रुद्रपुर में सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन अभियान का उद्घाटन जिला जज एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिकंद कुमार त्यागी द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में ईंधन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों को ईंधन की बचत के लिए प्रेरित करते हुए सप्ताह में दो दिन वैकल्पिक परिवहन अपनाने का आह्वान किया गया।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ममता पंत ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह ईंधन की बचत को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाए। उन्होंने बताया कि सुरक्षित ईंधन, सुरक्षित जीवन अभियान के अंतर्गत न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों से सप्ताह में दो दिन, विशेष रूप से सोमवार एवं शनिवार को, पैदल अथवा साइकिल से न्यायालय परिसर आने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग दूरस्थ क्षेत्रों से आते हैं, वे आपसी समन्वय बनाकर एक ही वाहन का उपयोग करें, जिससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सके। श्रीमती पंत ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं और यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
बताया गया कि अभियान को व्यवहारिक रूप से अपनाते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ममता पंत स्वयं अपने निवास स्थान भूरारानी से लगभग 45 मिनट की पैदल यात्रा कर न्यायालय परिसर पहुंचीं। उन्होंने उपस्थित लोगों को संदेश दिया कि नियमित पैदल चलना न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला बार एसोसिएशन संजीव फौगाट ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अधिवक्ताओं एवं आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन, साइकिल अथवा साझा वाहन का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
यहां न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की बात पर सहमति व्यक्त की ।
कार्यक्रम सहायक विशेष न्यायाधीश एनडीपीसी दीपाली शर्मा, प्रथम अतिरिक्त जिला न्यायधीश राजू कुमार श्रीवास्तव, तृतीय अतिरिक्त जिला न्यायाधीश मुकेश चंद्र आर्या, एडीजे पॉकसो अनीता गुंजियाल सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण, न्यायालय कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कृपया देखिए हमारा हिंदी समाचार पोर्टल एक्सप्लेनर24.कॉम https://explainer24.com अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष - आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

एक टिप्पणी भेजें